35.2 C
New Delhi
Friday, July 4, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस – राष्ट्र चेतना की जागृति

बिरसा मुंडा की जयंती के दिन, ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जाता है, जिनकी विरासत आज भी हमें प्रेरित करती है।

हर साल 15 नवंबर को, जनजातीय समुदायों द्वारा भारत के स्वतंत्रता संग्राम में किए गए योगदान, को सम्मानित करने के लिए ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जाता है। यह दिन जनजातीय नेता और महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के दिन मनाया जाता है, जिनकी विरासत आज भी हमें प्रेरित करती है।

इस वर्ष बड़ा सुखद संयोग रहा है कि गुरु नानक देव जी की ५५५वीं जयंती (Birth Anniversary of Nanak Dev Ji) एवं प्रकाश पर्व (light festival), के दिन ही राष्ट्रीय जनचेतना के प्रतीक, बिरसा मुंडा (Birsa Munda) जी की १४९वीं जयंती है. हम इसे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ (Tribal Pride Day) के रूप में मनाते रहे हैं. आज से उनका ‘सार्धशती वर्ष’ (Sesquicentenary Year) प्रारंभ हो रहा है.

बिरसा मुंडा (Birsa Munda) अद्भुत व्यक्तित्व हैं. वर्ष १८७५ में जन्मे बिरसा जी को कुल जमा पच्चीस वर्ष का ही छोटा सा जीवन मिला. किन्तु इस अल्पकालीन जीवन में उन्होंने जो कर दिखाया, वह अतुलनीय है. अंग्रेज़ उनके नाम से कांपते थे, थर्राते थे. वनवासी समुदाय, बिरसा मुंडा जी को प्रति ईश्वर मानने लगा.

बिरसा मुंडा जी के पिताजी जागरूक और समझदार थे. बिरसा जी की होशियारी देखकर उन्होंने उनका दाखला, अंग्रेजी पढ़ाने वाली, रांची की, ‘जर्मन मिशनरी स्कूल’ में कर दिया. स्कूल में प्रवेश पाने के लिए ईसाई धर्म अपनाना आवश्यक होता था. इसलिए बिरसा जी को ईसाई बनना पड़ा. उनका नाम बिरसा डेविड (Birsa David) रखा गया.

किन्तु, स्कूल में पढ़ने के साथ ही, बिरसा जी को समाज में चल रहे, अंग्रेजों के दमनकारी काम भी दिख रहे थे. अभी सारा देश १८५७ के क्रांति युद्ध से उबर ही रहा था. अंग्रेजों का पाश्विक दमनचक्र सारे देश में चल रहा था. ये सब देखकर बिरसा जी ने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी. वे पुनः हिन्दू बने. और अपने वनवासी भाइयों को, इन ईसाई मिशनरियों के धर्मांतरण की कुटिल चालों के विरोध में जागृत करने लगे.

बिरसा मुंडा जी के सामाजिक कार्य

१८९४ में, छोटा नागपुर क्षेत्र में पड़े भीषण अकाल के समय बिरसा मुंडा जी की आयु थी मात्र १९ वर्ष. लेकिन उन्होंने अपने वनवासी भाइयों की अत्यंत समर्पित भाव से सेवा की. इस दौरान अंग्रेजों के शोषण के विरोध में जनमत जागृत करने लगे.

उन्हें, अंग्रेजों द्वारा चलाया धर्मांतरण का कुचक्र दिख रहा था. इसलिए, वनवासियों को हिन्दू बने रहने के लिए, उन्होंने एक अभियान छेड़ा. इसी बीच पुराने, अर्थात् वर्ष १८८२ में पारित कानून के तहत, अंग्रेजों ने झारखंड के वनवासियों की जमीन और उनके जंगल में रहने का हक छीनना प्रारंभ किया.

और इसके विरोध में बिरसा मुंडा जी ने एक अत्यंत प्रभावी आंदोलन चलाया, ‘अबुवा दिशुम – अबुवा राज’ (हमारा देश – हमारा राज). यह अंग्रेजों के विरोध में खुली लड़ाई थी, उलगुलान थी. अंग्रेज़ पराभूत होते रहे, हारते रहे. सन् १८९७ से १९०० के बीच, रांची और आसपास के वनांचल क्षेत्र में अंग्रेजों का शासन उखड़ चुका था. यह सभी अर्थों में एक ऐतिहासिक और अद्भुत घटना थी. १७५७ के प्लासी युद्ध के बाद से, (और सौ वर्षों के पश्चात, १८५७ के क्रांति युद्ध के बाद), यह माना जा रहा था, कि अंग्रेज अजेय हैं. उन्हें कोई नहीं हरा सकता. उनका विरोध करने की कोई हिम्मत भी नहीं कर सकता. किन्तु ‘धरती आबा बिरसा जी’ के नेतृत्व में, भोले-भाले जनजातीय समुदाय ने यह झुठला दिया. अंग्रेजों की सार्वभौम सत्ता को सीधे ललकारा और कुछ दिन नहीं, तो लगभग ३ वर्ष, रांची और आसपास के क्षेत्र से अंग्रेजी शासन – प्रशासन को उखाड़ फेंका. वहां जनजातीय समुदाय का शासन प्रस्थापित किया.

बिरसा मुंडा की धोखा से गिरफ़्तारी

किन्तु गद्दारी के कारण, ५०० रुपयों की धनराशि के लालच में, उनके अपने ही व्यक्ति ने धोखा दे कर, उनकी जानकारी अंग्रेजों को दी और जनवरी १९०० में रांची जिले के उलीहातु के पास, डोमबाड़ी पहाड़ी पर, बिरसा मुंडा जब वनवासी साथियों को संबोधित कर रहे थे, तभी अंग्रेजी फौज ने उन्हें घेर लिया. बिरसा मुंडा के साथी और अंग्रेजों के बीच भयानक लड़ाई हुई. अनेक वनवासी भाई – बहन उसमें मारे गए. अंततः ३ फरवरी १९०० को, चक्रधरपुर में बिरसा मुंडा जी गिरफ्तार हुए.

अंग्रेजों ने जेल के अंदर बंद बिरसा मुंडा पर विष प्रयोग किया, जिसके कारण, ९ जून १९०० को रांची की जेल में, वनवासियों के प्यारे, ‘धरती आबा’, बिरसा मुंडा जी ने अंतिम सांस ली.

आज मात्र जनजातीय समुदाय ही नहीं, तो सारा देश, धरती आबा बिरसा मुंडा जी का जन्मदिवस, उनके सार्ध शताब्दी वर्ष के प्रारंभ के रूप में मना रहा है.

जनजातीय समुदाय की, हिन्दू अस्मिता की आवाज को बुलंद करने वाले, उनको धर्मांतरण के दुष्ट चक्र से सावधान करने वाले और राष्ट्र के लिए अपने प्राण देने वाले बिरसा मुंडा जी का स्मरण करना, यानि राष्ट्रीय चेतना के स्वर को बुलंद करना है.

#धरती_आबा_बिरसा #राष्ट्रीय_जनजाति_गौरव_दिवस

 

अस्वीकरण (Disclaimer): यहाँ दी गई जानकारी विभिन्न स्रोतों पर आधारित है,जिनका हमारे द्वारा सत्यापन नहीं किया जाता है। किसी भी समस्या की स्थिति में योग्य विशेषज्ञ से मार्ग-दर्शन प्राप्त करें।अन्य जैसे चिकित्सा संबंधी समाचार, स्वास्थ्य संबंधी नुस्खे, योग, धर्म, व्रत-त्योहार,ज्योतिष,इतिहास, पुराण आदि विषयों पर मोंकटाइम्स.कॉम में प्रकाशित/प्रसारित वीडियो, आलेख एवं समाचार सिर्फ आपकी जानकारी के लिए हैं, जो विभिन्न स्रोतों से लिए जाते हैं। इनसे संबंधित सत्यता की पुष्टि मोंकटाइम्स.कॉम नहीं करता है। किसी भी जानकारी को प्रयोग में लाने से पहले उस विषय से संबंधित विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

कमलेश पाण्डेय
अनौपचारिक एवं औपचारिक लेखन के क्षेत्र में सक्रिय, तथा समसामयिक पहलुओं, पर्यावरण, भारतीयता, धार्मिकता, यात्रा और सामाजिक जीवन तथा समस्त जीव-जंतुओं पर अपने विचार व्यक्त करना।

Popular Articles